राम मंदिर निर्माण से भारतीय सोच में आएगा बदलाव और यह बदलाव लिखेगा विकास की नई इबारत

भगवान राम हमारे देश की अस्मिता हैं, उनके असंख्य भक्तों द्वारा विगत चार सदियों में किये गए आंदोलनों का ही नतीजा है कि आज भगवान रामलला की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ़ हो गया है।

इस दिन का इंतजार सदियों से किया जा रहा था। जहाँ त्रेता युग में वनवास की वजह से अयोध्या वासियों को भगवान राम का 13 वर्षों तक इंतजार करना पड़ा था कुछ वैसा ही इंतजार भारतवासियों को रामलला के मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए करना पड़ा। यह इंतजार करीब 500 सालों तक चला। हमारी पीढ़ी का ये सौभाग्य है कि हम भारतवर्ष और सनातन हिन्दू वैदिक संस्कृति के इस पुनरुत्थान के साक्षी बन रहे हैं। आने वाली पीढ़ियों को हम बड़े गर्व से बता पाएंगे की हमने सदियों तक विदेशी आक्रांताओं द्वारा दबाए जाने के बाद सनातन हिन्दू वैदिक संस्कृति के पुनरुत्थान को करीब से देखा है।

राम मंदिर निर्माण उस स्वप्न के सच होने की शुरुआत है जिसे भारतवासियों ने तब देखा था जब विदेशी आक्रांताओं ने भारतीय संस्कृति का नाश कर विदेशी संस्कृति थोपने की कोशिश कि थी। हमारे पूर्वजों ने विदेशी संस्कृति और धर्मों का भी मान रखा और साथ ही साथ विकट परिस्थितियों में भी अपनी संस्कृति को सहेज कर रखा। शायद यही वो वजह है कि आज जब मिश्र, यूनान और रोम जैसी सभ्यताओं का पूरी तरह से नाश हो गया है तब भी भारतीय हिन्दू सनातन सभ्यता मौजूद है और हम इसका पुनरुत्थान कर पा रहे हैं।

सदियों की गुलामी के बाद जब 15 अगस्त 1947 को देश आज़ाद हुआ तब देश तो आज़ाद हो गया था परन्तु देशवासियों की मानसिकता आजाद नहीं हुई थी। इसके बाद सालों तक चले कांग्रेस शासन ने भी उसी गुलामी वाली मानसिकता को बढ़ावा दिया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के शासन काल में भारतीय संस्कृति के पुनरुत्थान का जो कार्य आरम्भ हुआ है, उसने सही मायनों में भारतीय जनमानस को मानसिक आजादी देने का काम किया है। हम सभी को इस मानसिक आजादी को हमेशा सहेज कर रखने और मज़बूती देने की जरुरत है।

आज पूरा देश एक आत्मविश्वास से लबरेज है। इस आत्मविश्वास के कारण ही राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ़ होते हो देश भर से इसके लिए दान देने का सिलसिला शुरू हो गया है। सिर्फ राम मंदिर का मुद्दा ही नहीं बल्कि देश का हर नागरिक आज देश के कुछ कर गुजरने के जज्बे के साथ आगे बढ़ रहा है। देश के साथ साथ विदेशों में रह रहे भारतीयों में भी खूब आत्मविश्वास बढ़ा है। आज विदेशों में भारतीय लोगों और भारत देश को खूब तबज्जो दी जाती है। यह सब बदलाव मोदी राज की वजह से ही हो पाया है और अब बदलाव विकास की नई इबारत ज़रूर लिखेगा।

Rohit Gangwal
By Rohit Gangwal , November 15, 2019

RELATED POSTS

Copyright 2018 | All Rights Reserved.