प्रधानमंत्री जनधन योजना के खातों में जमा राशि पहुंची 1 ट्रिलियन रूपये के पार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनधन योजना के तहत खोले गए खातों की संख्या 36.06 करोड़ पहुँच गई है| एक अनुमान के मुताबिक इन खातों में जमा कुल राशि 1,00,495.94 करोड़ रूपये है| प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे पिछड़े और गरीब तबके तक बैंकिंग सेवाओं का लाभ पहुँचाने के लिए इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत 28 अगस्त 2014 को की थी| अब तक इन खातों में कुल 1 लाख करोड़ या 1 ट्रिलियन रूपये की राशि जमा हो चुकी है| जनधन योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के खातों में जमा राशि निरंतर बढ़ती जा रही है|

प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत खोला गया खाता मूल बचत बैंक जमा खाता होता है जिसमें ओवरड्राफ्ट और डेबिट कार्ड सुविधा भी प्रदान की जाती है| इस खाते की खास बात यह है कि इसमें आपको न्यूनतम राशि रखने की कोई आवश्यकता नहीं है| इस खाते में रुबे डेबिट कार्ड की सुविधा दी जाती है| अब तक इस तरह के 28.44 करोड़ खाताधारकों को ये कार्ड वितरित किये जा चुके हैं|

जनधन योजना के तहत खोले गए खातों में दुर्घटना बीमा की राशि को 1 लाख से बढ़ाकर 2 लाख रूपये कर दिया गया है| इसके साथ ओवरड्राफ्ट की लिमिट भी दोगुनी (10000 रु) कर दी गई है| इस योजना के तहत 59 प्रतिशत खाते ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी क्षेत्र में खोले गए हैं तथा कुल खातों में से आधे से अधिक खाते महिलाओं के नाम पर खोले गए हैं| ये सारे खाते जीरो बैलेंस खाते हैं| योजना के तहत खोले गए खातों में खाता धारक दो महीने बाद 10 हजार रूपये तक का ऋण भी ले सकते है|

Rohit Gangwal
By Rohit Gangwal , July 12, 2019

RELATED POSTS

Copyright 2018 | All Rights Reserved.