नवऊर्जा और प्रशासनिक अनुभव से लबरेज इन 10 दिग्गजों से ‘मोदी 2.0’ कैबिनेट बन गया बेहद ख़ास

भाजपा और एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी जी के सामने एक संतुलित और दक्ष मंत्रिमंडल चुनने की चुनौती थी। अब मंत्रियों के नाम सामने आने पर स्पष्ट हो गया है कि इस मंत्रिमंडल का चयन करते हुए दोनों नेताओं ने गहरी समझ और दूरदर्शिता का परिचय दिया है। परिवर्तन और विकास को अपना लक्ष्य मानने वाली भाजपा ने मोदी 2.0 मंत्रिमंडल में 17 नए चेहरों को स्थान दिया है। इसमें से आठ तो पहली बार सांसद बने हैं।

30 मई को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने मंत्रिमंडल के साथ पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। राष्ट्रपति भवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में 58 सदस्यीय मंत्रिपरिषद को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हालांकि इस बार दो बड़े नाम सुषमा स्वराज और अरुण जेटली मंत्रिमंडल में शामिल नही हो सके हैं, लेकिन राज्यों के अनुभवी नेताओं और युवाओं को मौका दिया गया है। इस बार क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक समीकरणों को बखूबी साधा गया है।

नरेंद्र मोदी ने नेताओं की पदोन्नति के मामले में भी सामाजिक और राजनीतिक समीकरण का बखूबी ध्यान रखा है। गिरिराज सिंह, महेंद्रनाथ पांडे और गजेंद्र सिंह शेखावत को प्रोमोशन मिला है। मोदी 2.0 कैबिनेट में गिरिराज सिंह को पशुपालन, दुग्ध और मत्स्य विभाग मिला है। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय संभाला था। मोदी जी की कैबिनेट ने महेंद्र नाथ पांडे को भी पदोन्नति दी है। उन्हें मानव संसाधन विकास मंत्रालय के राज्य मंत्री से कौशल विकास और उद्यमिता विभाग में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। गजेंद्र सिंह शेखावत को जल शक्ति मंत्रालय सौंपा गया है।

मोदी की नई कैबिनेट में एक ओर जहाँ अनुभव और नवाचार का समन्वय है, वहीं ऐसे नेता भी हैं जो अपने राजनीतिक सूझबूझ और प्रशासनिक मामलों पर अपनी कुशलता के लिए जाने जाते हैं। ये 10 दिग्गज नेता मोदी 2.0 कैबिनेट को बहुत सशक्त और प्रभावशाली बनाते हैं। ये नेता हैं:

राजनाथ सिंह – मोदी जी की नई कैबिनेट में राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया है। इससे पहले उनके पास गृह मंत्रालय का कार्यकाल था। 2014 के चुनावों में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में नरेंद्र मोदी को चुनने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।

अमित शाह – मोदी कैबिनेट में पहली बार स्थान पाने वाले अमित शाह सबसे अहम गृह मंत्रालय को संभालेंगे। भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार और जीत के सूत्रधार कहे जाने वाले अमित शाह ने गुरुवार को पी एम मोदी के साथ पद और गोपनीयता की शपथ ली।

नितिन गडकरी – नितिन गडकरी के पास सड़क परिवहन और एमएसएमई का दोहरा कार्यभार है। उन्होंने हाईवे के लिए अपने प्लान की रूपरेखा तैयार कर ली है। इसमें ‘विश्व स्तरीय एक्सप्रेस वे नेटवर्क’ तैयार करने को भी शामिल किया गया है।

देवरागुंडा वेंकप्पा सदानंद गौड़ा – देवरागुंडा वेंकप्पा सदानंद गौड़ा सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री रहे हैं। उन्हें इस बार रसायन और उर्वरक मंत्री बनाया गया है। वे कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।

निर्मला सीतारमण – निर्मला सीतारमण को वित्त और कॉरपोरेट मामलों का मंत्री बनाया गया है। इससे पहले वे रक्षा मंत्रालय संभाल रही थीं।

प्रकाश जावड़ेकर – प्रकाश जावड़ेकर को पर्यावरण, वन और क्लाइमेट चेंज विभाग सौंपा गया है। उन्हें सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ज़िम्मेदारी भी सौंपी गई है।

रविशंकर प्रसाद – रविशंकर प्रसाद को कानून, कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय सौंपे गए हैं।

पीयूष गोयल – पीयूष गोयल को मोदी सरकार में एक बार फिर रेल मंत्रालय दिया गया है। पीयूष गोयल अपने दूसरे कार्यकाल में रेल सुरक्षा को बढ़ाने और आधुनिकीकरण पर ध्यान देंगे। वे नई पटरियों के निर्माण और आधुनिक डिब्बों के निर्माण की दिशा में भी काम कर सकते हैं।

सुब्रह्मण्यम जयशंकर – नरेंद्र मोदी ने सबको चौंकाते हुए सुब्रह्मण्यम जयशंकर को विदेशी मामलों का मंत्री बनाया है। वे विदेश सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। वे चीन और अमेरिका में भारतीय राजदूत के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

स्मृति ईरानी – इन लोकसभा चुनावों में स्मृति ईरानी ने अमेठी से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उन्हें मोदी सरकार में महिला और बाल विकास मंत्रालय सौंपा गया है। इसके अलावा उन पर कपड़ा मंत्रालय का भी अतिरिक्त कार्यभार है।

मोदी 2.0 कैबिनेट एक संतुलित कैबिनेट हैं। इसमें नए चेहरों को जगह देकर तथा क्षेत्रीय समीकरण के आधार पर नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह देकर श्री नरेंद्र मोदी जी ने दूरदर्शिता का परिचय दिया है। नेताओं को मंत्रालय आवंटित करते समय उस क्षेत्र में ज्ञान और कार्य के अनुभव को भी वरीयता दी गई है। प्रशासन में नए विचारों को जगह देने के लिए नए चेहरों को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस मंत्रिमंडल से यही उम्मीद है कि वह अगले 5 सालों में विकास की एक नयी दिशा देगा और देश को समृद्धि के रास्ते पर लेकर जायेगा।

Rohit Gangwal
By Rohit Gangwal , June 13, 2019

RELATED POSTS

Copyright 2018 | All Rights Reserved.