Modi Sarkar ne uttar pradesh ki betiyo ko diya yah tohpha

मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश की बेटियों को दिया यह तोहफा

केंद्र की मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश की बेटियों के लिए तोहफा दिया है। उत्तर प्रदेश के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में जल्द ही 11,800 सीटें बढ़ेंगी। केंद्र सरकार ने प्रदेश के 236 कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में सीटों को डेढ़ गुना करने की सहमति दे दी है। इसके लिए केंद्र की तरफ से 200 करोड़, 60 लाख रुपए का बजट दिया जाएगा।

दरअसल प्रदेश में इस समय कुल 746 कस्तूरबा गांधी विद्यालय हैं। इनमें से प्रत्येक विद्यालय में 100 सीटों पर कक्षा 6 से 8 तक बालिकाओं के दाखिले किए जाते हैं। यहां दाखिला लेने वाली छात्राओं को परिसर में ही हॉस्टल की भी सुविधा मिलती है। प्रदेश के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में अभी जितनी सीटें उपलब्ध हैं, उससे कहीं अधिक मांग है। हर साल हजारों बालिकाओं को यहां दाखिला नहीं मिल पाता।

इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य परियोजना कार्यालय ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय को प्रत्येक विद्यालय में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 150 करने का प्रस्ताव भेजा था। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड की बैठक में इस पर सहमति दे दी गई है। पहले चरण में प्रदेश के 236 विद्यालयों में 50-50 सीटें बढ़ाई जाएंगी। इन विद्यालयों में छात्राओं के रहने के लिए हॉस्टल निर्माण किया जाएगा।

हॉस्टल निर्माण के लिए केंद्र सरकार की तरफ से प्रति विद्यालय 85 लाख रुपये दिए जाएंगे। उत्तर प्रदेश के राज्य परियोजना निदेशक व विशेष सचिव बेसिक शिक्षा डॉ वेदपति मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश में इस समय 746 कस्तूरबा गांधी विद्यालयों कुल 74,600 सीटें हैं। इनमें से 236 कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में 50-50 सीटें बढ़ाने सहमति मिली है।

D Ranjan
By D Ranjan , July 18, 2018

RELATED POSTS

Copyright 2018 | All Rights Reserved.