बिजनौर की परिवर्तन रैली में पीएम मोदी ने अखिलेश-राहुल पर साधा निशाना, बोले- ये दो पार्टियों का नहीं, दो कुनबों का है गठबंधन

उत्‍तर प्रदेश के बिजनौर में परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अखिलेश यादव, राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी-कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर भाजपा की सरकार आई तो समाजवादी पार्टी की सरकार द्वारा अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ दर्ज कराए गए ‘झूठे मामलों’ की जांच के आदेश देगी। अखिलेश और सपा ने कानून का जमकर दुरुपयोग किया।

पीएम ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे अखिलेश की समझदारी पर अब मुझे शक होता है। अखिलेश से मुझे अच्‍छे शासन की उम्‍मीद थी। अब इस गठबंधन के होने के बाद मुझे अखिलेश की समझदारी पर शक है। ये गठबंधन दो दलों का नहीं, बल्कि दो कुनबों का है। एक दिल्‍ली का है तो दूसरा सैफई का कुनबा है। एक कुनबे ने देश तो दूसरे कुनबे ने यूपी को बर्बाद किया। दोनों कुनबे एक हो जाएंगे तो कुछ बचेगा क्‍या? यूपी को दोनों कुनबों से बचाना होगा। यूपी को इन कुनबों से सिर्फ बीजेपी बचा सकती है।

पीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अधिकारियों से अच्‍छे और प्रभावी नेताओं की सूची बनवाई। साथ ही अपने विरोधियों की सूची भी बनवाई। बीजेपी के लोगों को यूपी सरकार ने अधिकारियों से गलत मामलों में फंसाया। बीजेपी की सरकार आते ही निर्दोषों पर केस करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बीजेपी कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाया गया। गुंडों का विरोध करने वालों को जेल में डाला गया। यूपी सरकार कानून का दुरुपयोग कर रही है। समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर झूठे आरोप लगाए। अखिलेश ने पुलिस को अपनी पार्टी के काम में लगाया।

पीएम ने कहा कि बीजेपी संत रविदास के रास्‍ते पर चल रही है। संत रविदास ने बिना भेदभाव सबको अपनाया। संत रविदास ने कहा था कि मन चंगा तो कठौती में गंगा। बीजेपी सरकार विकास की राजनीति करती है। अब 11 मार्च को अखिलेश का कच्‍चा चिट्ठा खुलेगा।

मोदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और बोले कि कांग्रेस के एक नेता की हरकतों से बचें। उनकी हरकतें बचकाना हैं। कांग्रेस के बड़े लोग भी उनसे किनारा करते हैं। लेकिन अखिलेश ने उसी नेता को गले लगा लिया। गूगल में राहुल गांधी पर चुटकुले भरे पड़े हैं। इस कांग्रेस नेता पर सबसे अधिक चुटकुले बने हैं। अखिलेश यादव द्वारा गले लगाए गए कांग्रेस नेता पर जितने चुटकुले बने हैं, उतने अधिक किसी अन्य नेता पर नहीं बने।

सपा सरकार गन्‍ना किसान की विरोधी है। इस सरकार ने गन्‍ना किसानों का बीमा कराकर किसानों को लूटा। हम फसल बीमा योजना का दुरुपयोग नहीं होने देंगे।

पीएम ने कहा कि सरकार गरीबों, पीडि़तों की रक्षा के लिए होती है। यूपी सरकार सज्‍जनों की रक्षा करने वाली नहीं है। मां-बेटियों की रक्षा करने वाली नहीं है। यूपी ने ताकत दी तभी देश को ताकत मिली। आज यूपी में परिवर्तन की आंधी चल रही है।

admin
By admin , February 11, 2017

RELATED POSTS

Copyright 2018 | All Rights Reserved.